विशेष अभियान 6.0: प्रयागराज जंक्शन पर ‘कोच-टू-कोच’ चलित डस्टबिन प्रणाली और कचरा पृथक्करण पहल का सफल क्रियान्वयन

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक महोदय के दिशानिर्देशों के अनुपालन में विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत प्रयागराज जंक्शन पर स्वच्छता को स्थायी रूप से सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दो अभिनव एवं उत्कृष्ट पहलें सफलतापूर्वक लागू की गई हैं।


प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों के आगमन के दौरान अक्सर यह देखा जाता था कि स्लीपर एवं जनरल कोचों की खिड़कियों से यात्री कचरा सीधे प्लेटफॉर्म पर फेंक देते हैं। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए स्टेशन पर पहिये वाली चलित डस्टबिन (Wheel Dustbin) के साथ स्वच्छता मित्रों की कोच-टू-कोच तैनाती की गई है। इसके अंतर्गत ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही स्वच्छता मित्र प्रत्येक कोच के पास जाकर यात्रियों से सीधे कचरा एकत्र करते हैं, जिससे प्लेटफॉर्म पर कचरा गिरने से रुकता है। इस पहल से प्लेटफॉर्म की स्वच्छता में उल्लेखनीय सुधार आया है और रेल यात्रियों द्वारा भी इस व्यवस्था की अत्यधिक सराहना की जा रही है।


इसके साथ ही स्टेशन पर कचरा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए स्रोत पर ही कचरा पृथक्करण प्रणाली लागू की गई है। सफाई के दौरान एकत्र होने वाले कचरे को सीधे डंपिंग साइट पर ले जाने के बजाय स्रोत स्तर पर ही चार श्रेणियों—सूखा, गीला, सेनेटरी और घरेलू हानिकारक कचरे के रूप में अलग-अलग वर्गीकृत करके निस्तारित किया जा रहा है। इस व्यवस्था से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित हो रहा है तथा प्रयागराज जंक्शन को ‘ज़ीरो वेस्ट स्टेशन’ बनाने के लक्ष्य को गति मिल रही है।
इन दोनों उत्कृष्ट पहलों को वर्तमान में प्रायोगिक तौर पर कुछ प्रमुख ट्रेनों में लागू किया गया है, जिसके बेहद सकारात्मक एवं उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। भविष्य में इस सफल प्रणाली को सभी ट्रेनों एवं प्लेटफॉर्मों पर पूर्ण रूप से विस्तारित किया जाएगा।

Comments (0)
Add Comment