तालमेल एक्सप्रेस
प्रयागराज। ‘क्लाइमेट चेंज’ थीम पर आयोजित “विश्व पर्यावरण दिवस–2026” अभियान के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज, रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आज दिनांक 04 जून, 2026 को प्रयागराज मंडल के स्टेशनों एवं कालोनियों में ई-कचरा जागरूकता एवं संग्रह अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य रेल कर्मचारियों एवं आमजन को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित निस्तारण, पुनर्चक्रण तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। अभियान के दौरान कर्मचारियों एवं नागरिकों को पुराने मोबाइल फोन, चार्जर, बैटरी, कंप्यूटर उपकरण, तार, इलेक्ट्रॉनिक खिलौने तथा अन्य अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं को निर्धारित संग्रह केंद्रों पर जमा करने के लिए प्रेरित किया गया। विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि ई-कचरे का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीके से निस्तारण न होने पर यह मिट्टी, जल एवं वायु प्रदूषण का कारण बनता है तथा मानव स्वास्थ्य पर भी गंभीर दुष्प्रभाव डाल सकता है। कार्यक्रम में पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) एवं घरेलू जैविक कचरे से कम्पोस्ट तैयार करने की उपयोगिता पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित लोगों को जैविक एवं अजैविक कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने, प्लास्टिक एवं इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित प्रबंधन तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही ऊर्जा संरक्षण, जल बचत, कपड़े के थैले के उपयोग तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक से बचने का संदेश भी दिया गया। अभियान के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषणमुक्त पर्यावरण बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।