राष्ट्रीय एकता दिवस पर मंडलायुक्त ने दिलाई शपथ
- Advertisement -

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मंडलायुक्त कार्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने अपर आयुक्त श्री त्रिभुवन एवं श्रीमती जयजीत कौर की उपस्थिति में कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को अक्षुण्ण रखने की शपथ दिलाई।

इस दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पित रहेंगे तथा देशवासियों के बीच आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना को बढ़ावा देंगे। साथ ही, बिना किसी भेदभाव के राष्ट्रहित एवं जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे।
मंडलायुक्त ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश की रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी। उनके आदर्श आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सरदार पटेल के विचारों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को मजबूत बनाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
