प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पथ विक्रेताओं हेतु भव्य स्वनिधि महोत्सव का आयोजन

नगर निगम एवं डूडा, प्रयागराज द्वारा संचालित प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर एवं डिजिटल रूप से सक्षम बनाने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न 08 जनकल्याणकारी योजनाओं से पथ विक्रेताओं एवं उनके परिवारजनों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से दिनांक 03.11.2026 को जिला पंचायत परिसर, प्रयागराज में भव्य स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ जी द्वारा पथ विक्रेताओं, उनके परिवारजनों एवं उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बताया गया कि कोविड-19 महामारी से प्रभावित रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को आर्थिक सहायता एवं आजीविका का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना उनके लिए वरदान सिद्ध हुई है तथा यह योजना उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम बनी है।

इस अवसर पर माननीय महापौर, नगर निगम प्रयागराज श्री उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी जी द्वारा अवगत कराया गया कि योजना के अंतर्गत 64,558 पथ विक्रेताओं को उनकी आजीविका से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया गया है तथा 51,429 पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने हेतु प्रोत्साहित किया गया है।

महोत्सव के दौरान पथ विक्रेताओं के बच्चों हेतु रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार सुश्री अर्शी, द्वितीय पुरस्कार सुश्री अंशी एवं तृतीय पुरस्कार सुश्री रितिका को प्राप्त हुआ। इसी प्रकार रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार सुश्री काव्या, द्वितीय पुरस्कार सुश्री नीलू एवं तृतीय पुरस्कार सुश्री प्रीति को प्रदान किया गया।

इसके अतिरिक्त हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले पथ विक्रेताओं के बच्चों को सम्मानित किया गया। इनमें सुश्री आइसा जाहिर, सुश्री अनन्या, श्री अमित एवं श्री अनिकेत शामिल रहे।

योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, डेमो चेक, क्रेडिट कार्ड एवं यूपीआई आईडी का वितरण माननीय मंत्री जी एवं माननीय महापौर जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर लाभार्थियों में रूबी, निहाल, खुर्शीद, संध्या, श्याम बाबू, स्वाति, रोहित, मंजू, निशा, विभा, खुशबू, अजय, नमिता, कमल, अनुज, सुनीता, जुमन, कामिनी, जरीना, गुंजा, संदीप एवं कुलदीप शामिल रहे।

महोत्सव में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थी पथ विक्रेताओं द्वारा विभिन्न प्रकार के फूड स्टॉल लगाए गए। बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा पथ विक्रेताओं को डिजिटल लेन-देन हेतु प्रशिक्षित किया गया तथा योजना के लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री हेतु स्टॉल लगाए गए, जिससे महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं विपणन का अवसर प्राप्त हुआ।

बच्चों के मनोरंजन हेतु विभिन्न प्रकार के झूले एवं आकर्षण के केंद्र स्थापित किए गए। महोत्सव के दौरान भजन, गजल, नुक्कड़ नाटक, छोलिया नृत्य, जादू एवं लोकनृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई, जिसका पथ विक्रेताओं एवं उपस्थित जनसमूह ने आनंद लिया।

कार्यक्रम में माननीय जनप्रतिनिधिगण, माननीय पार्षदगण, नगर आयुक्त, नगर निगम प्रयागराज, अपर जिलाधिकारी (नगर), प्रयागराज, अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, नगर निगम प्रयागराज, परियोजना अधिकारी, डूडा प्रयागराज तथा नगर निगम एवं डूडा के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Comments (0)
Add Comment